Discover

अध्याय 12: भक्तियोग


श्लोक 17

यो न हृष्यति न द्वेष्टि न शोचति न काङ्क्षति |
श्रुभाश्रुभपरित्यागी भक्तिमानयः स मे प्रियः || १७ ||

शब्द-प्रतिशब्द अर्थ

यः - जो; न - कभी नहीं; हृष्यति - हर्षित होता है; न - कभी नहीं; द्वेष्टि - शोक करता है; न - कभी नहीं; शोचति - पछतावा करता है; न - कभी नहीं; काङ्क्षति - इच्छा करता है; शुभ - शुभ; अशुभ - तथा अशुभ का; परित्यागी - त्याग करने वाला; भक्ति-मान् - भक्त; यः - जो; सः - वह है; मे - मेरा; प्रियः - प्रिय |

भावार्थ

जो न कभी हर्षित होता है, न शोक करता है, जो न पछताता है, न इच्छा करता है, तथा शुभ तथा अशुभ दोनों प्रकार की वस्तुओं का परित्याग कर देता है, ऐसा भक्त मुझे अत्यन्त प्रिय है |

तात्पर्य

शुद्ध भक्त भौतिक लाभ से न तो हर्षित होता है और न हानि से दुखी होता है, वह पुत्र या शिष्य की प्राप्ति के लिए न तो उत्सुक रहता है, न ही उनके न मिलने पर दुखी होता है | वह अपनी किसी प्रिय वस्तु के खो जाने पर उसके लिए पछताता नहीं | इसी प्रकार यदि उसे अभीप्सित की प्राप्ति नहीं हो पाती तो वह दुखी नहीं होता | वह समस्त प्रकार के शुभ, अशुभ तथा पापकर्मों से सदैव परे रहता है | वह परमेश्र्वर की प्रसन्नता के लिए बड़ी से बड़ी विपत्ति सहने को तैयार रहता है | भक्ति के पालन में उसके लिए कुछ भी बाधक नहीं बनता | ऐसा भक्त कृष्ण को अतिशय प्रिय होता है |